मुंगेली : सेवा पखवाड़ा में प्रबुद्ध जन सम्मेलन, धरमलाल कौशिक बोले – मोदी जी ने देश की तस्वीर बदली

मुंगेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ सेवा पखवाड़ा के तहत झूलेलाल धाम सभागार में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित छग विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश ने सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक स्तर पर व्यापक परिवर्तन महसूस किया है।

उन्होंने कहा कि – “मोदी जी ने भारत के स्वाभिमान को बढ़ाया है। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर 12 करोड़ से अधिक शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, जनधन योजना और किसानों के सम्मान ने आमजन के जीवन को बदला है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकवाद पर प्रहार से देश मजबूत हुआ है। पहले संसाधनों की कमी झेलने वाली सेना आज अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। 2014 में भारत की आर्थिक स्थिति 10वें नंबर पर थी, 2025 में चौथे नंबर पर पहुँच गई है। नक्सलवाद भी मार्च 2026 तक समाप्त हो जाएगा।”

कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के रोटी, मकान और स्वास्थ्य की चिंता की है। मुफ्त चावल, प्रधानमंत्री आवास और 5 से 7 लाख रुपए तक की वार्षिक स्वास्थ्य सुविधा ने हर वर्ग को लाभान्वित किया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपए की स्वास्थ्य सुविधा बिना भेदभाव दी जा रही है।

पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि 2014 के बाद से भारत की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर बढ़ी है और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक श्रीराम मंदिर साकार हुआ है। वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रदेश पदाधिकारी डी.के. सोलंकी ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण दिया और कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश जिस तेज़ी से विकास कर रहा है, उसे समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना प्रबुद्धजनों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुई। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। संचालन विनय साहू ने किया और आभार कैलाश सिंह ठाकुर ने व्यक्त किया।

सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, विधायक पुन्नूलाल मोहले, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, राधेश्याम महाराज, भाजपा पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं विभिन्न समाज के प्रबुद्ध जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *