व्हाट्सएप ग्रुप में अभद्र टिप्पणियों पर महिला जनप्रतिनिधि ने दर्ज कराई FIR

गरियाबंद। जिले के इंदागांव थाना क्षेत्र में एक महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों का मामला सामने आया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं राजनीतिक प्रतिनिधि स्मृति ठाकुर ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में उन्होंने बताया कि “Love is Life” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक अज्ञात मोबाइल नंबरों से उनके संबंध में झूठी, भ्रामक और अशोभनीय टिप्पणियां की गईं। इन संदेशों से उनकी गरिमा, सामाजिक प्रतिष्ठा और महिला मर्यादा को ठेस पहुंची है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि ग्रुप में disappearing messages का विकल्प सक्रिय कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है।

स्मृति ठाकुर ने कहा कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ व्यक्तिगत मानहानि हैं बल्कि समाज में तनाव फैलाने की साजिश भी है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल FIR दर्ज कर अपराधियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शिकायत को भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1)(iv), 79, 352, 356(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध मानते हुए मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह मामले को महिला आयोग और उच्च अधिकारियों के समक्ष ले जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *