मुंगेली में हुआ दुर्गा प्रतिमाओं एवं झांकियों का भव्य विसर्जन, माँ कस्तूरी सोनी की स्मृति में समितियों को मिला प्रतीक चिन्ह

मुंगेली। नगर में स्थापित सभी दुर्गा प्रतिमाओं एवं झांकियों का विसर्जन आगर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में प्रशासन के सहयोग से भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर की सभी दुर्गा समितियों को माँ कस्तूरी सोनी की स्मृति में उनके पुत्र अनिल सोनी के सौजन्य से प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।

नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पिछले 15 वर्षों से आगर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा प्रशासनिक नियमों के अनुरूप एक साथ किया जाता है। इस वर्ष भी सभी प्रतिमाएं सबसे पहले कृषि उपज मंडी प्रांगण में एकत्रित हुईं, जहां से प्रशासन द्वारा उन्हें क्रमवार आगे बढ़ाया गया। इसके बाद सभी समितियों की प्रतिमाएं ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ नगर भ्रमण पर निकलीं।

यात्रा का महाराणा प्रताप चौक में स्वागत किया गया, तत्पश्चात माँ परमेश्वरी चौक, स्व. निरंजन प्रसाद केशरवानी बाल उद्यान और परशुराम चौक (पुराना बस स्टैंड) में भी आगर स्पोर्ट्स क्लब सहित अन्य समितियों द्वारा पूजा-अर्चना, स्वागत एवं पुष्पवर्षा की गई।

समितियों ने मंच के समक्ष ढोल-ताशों और आकर्षक झांकियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। झांकियों में भगवान शिव की बारात, माँ काली का जीवंत रूप, नंदी पर आरूढ़ माँ दुर्गा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों ने आगर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आरंभ की गई “सभी प्रतिमाओं के एक साथ विसर्जन” की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल आज नगर की एकता और समरसता की पहचान बन चुकी है, जो अब लगभग 10 संस्थाओं के संयुक्त आयोजन के रूप में विकसित हो चुकी है।

इस अवसर पर आगर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष किशोरीलाल केशरवानी, संरक्षकगण एवं पदाधिकारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सोनी, शैलेश पाठक, हेमेंद्र गोस्वामी, आशीष मिश्रा, स्वतंत्र मिश्रा, सुनील पाठक, योगेश शर्मा, संजय यादव, प्रवीण वैष्णव, अरविंद वैष्णव, कोटू दादवानी, मिट्ठूलाल यादव, योगेश सोनी, अनूप जैन, दिलीप सोनी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *