बिलासपुर जिले के मस्तूरी इलाके में मंगलवार दोपहर हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
नहर के पास स्थित तिवारी होटल के सामने तीन अज्ञात युवक बिना नंबर की गाड़ी में पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
करीब छह राउंड गोलियां चलने से इलाके में अफरातफरी मच गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी हरीश तांडेकर ने घटना की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही गोलीबारी के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।