लोरमी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम

लोरमी बदल रहा है, सज रहा है: उपमुख्यमंत्री  साव

उप मुख्यमंत्री  साव ने की मानस मंच के सौंदर्यीकरण की सराहना

विकास की नई इबारत लिखते हुए बुधवार को लोरमी में बहुप्रतीक्षित मानस मंच का भव्य लोकार्पण छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के करकमलों से संपन्न हुआ। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इस अवसर पर लोरमी के नागरिकों ने उत्साह और उल्लास के साथ उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। नगरवासियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति से दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री भूपेंद्र सिंह, समाजसेवी विवेक गिरी महाराज, वरिष्ठ नेता श्री गुरमीत सलूजा एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

    
 उपमुख्यमंत्री श्री साव ने बटन दबाकर मानस मंच का लोकार्पण किया। उन्होंने 01 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से निर्मित मानस मंच के सौंदर्यीकरण कार्य एवं 45 लाख 47 हजार रूपए की लागत से लगे सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण किया। इसी तरह 88 करोड़ 65 लाख की लागत से बनने वाले लोरमी पंडरिया मार्ग पर शासकीय कॉलेज से गोड़खाम्ही तक फोरलेन सड़क का भूमि पूजन एवं 24 करोड़ 14 लाख की लागत से बनने वाले मुंगेली लोरमी मार्ग ग्राम तुलसाघाट से लपटी रपटा तक निर्माण लागत 02 करोड़ 65 लाख रुपए, तिलकपुर से झलरी पहुंच मार्ग निर्माण लागत 01 करोड़ 99 लाख रुपए, ग्राम अखरार में श्मशान घाट पहुंच मार्ग निर्माण लागत 01 करोड़ 37 लाख रुपए, ग्राम नवरंगपुर डिंडोरी डी 3 नहर में आवास मोहल्ला तक ब्रिज निर्माण लागत 01 करोड़ 14 लाख रुपए, मुख्य मार्ग से पूर्व माध्यमिक स्कूल कारीडोंगरी तक सीसी रोड निर्माण 70 लाख रुपए आदि निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया और बधाई ।


   उपमुख्यमंत्री श्री साव ने अपने उद्बोधन में रामचरितमानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “मानस का एक-एक दोहा जीवन के लिए प्रेरणा देता है। आज के समय में लोग छोटी-छोटी बातों पर आपसी मतभेद रखते हैं, जबकि भगवान राम ने 14 वर्षों तक वनवास में तपस्या कर आदर्श त्याग और धैर्य का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने हनुमान जी की कथा सुनाते हुए कहा कि “हनुमान जी ने संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण जी का जीवन बचाया, यह प्रसंग हमें निःस्वार्थ सेवा का संदेश देता है। कौशल्या माता और हनुमान जी का संवाद भक्ति और समर्पण की गहराई को दर्शाता है।

*लोरमी विकास के पथ पर हो रहा अग्रसर:  उप मुख्यमंत्री श्री साव*

       उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। लोरमी के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से छह सड़कों का भूमि पूजन किया गया है। यह परियोजनाएं लोरमी को विकास की नई दिशा देंगी।” उन्होंने कहा कि “लोरमी आज बदल रहा है, सज रहा है, और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस मानस मंच की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी अब आप सभी नागरिकों की है।” उन्होंने आगे कहा, “आपके आशीर्वाद और सहयोग से ही मुझे काम करने की ऊर्जा मिलती है। प्रदेश के रजत जयंती वर्ष में हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।” उन्होंने मानस मंच के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहा कि लोरमी को बहुत कम समय में इतना शानदार मानस मंच मिला है, इसकी देखरेख की जिम्मेदारी हम सभी लोरमीवासियों की है। उन्होंने रजत जयंती के अवसर पर 01 नवंबर को रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में सभी को आमंत्रित किया।
       इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रतना काठले, श्रीमती अनीता साहू, श्रीमती समुंद सिंद्राम, श्रीमती शांति भास्कर, श्रीमती कुंती जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री चंदन शर्मा ने कार्यक्रम में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए नगर के विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में रामकथा समिति के अध्यक्ष जगदीश सोनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री श्री साव और उनकी धर्मपत्नी ने उपस्थित जनों का आशीर्वाद लिया। अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों को रामायण की पुस्तक, शाल एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन “जय श्री राम” के जयघोष और भक्ति संगीत के साथ हुआ।
     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *