बिलासपुर जिले में बड़े कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी लगातार जारी है। स्टेट जीएसटी की टीमें आज भी विनोद जैन, प्रशांत जैन और प्रवीण झा से जुड़े कोयला कारोबार के कई ठिकानों पर जांच में जुटी हुई हैं।
टीमों ने विनोद जैन की महावीर कोल वॉशरी, प्रवीण झा के फील ग्रुप और प्रशांत जैन के पारस पावर ग्रुप के कार्यालयों, कोल वॉशरी समेत अन्य परिसरों में एक साथ दबिश दी है। यह कार्रवाई सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि रायगढ़, बलौदा बाजार सहित अन्य जिलों में भी एक साथ की जा रही है।
इसी बीच इस मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है। जिन कोयला कारोबारियों के यहां जीएसटी विभाग की छापेमारी चल रही है, उनका संबंध जानी-मानी टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन से बताया जा रहा है। कोयला कारोबारी विनोद जैन, विक्की जैन के पिता हैं, जबकि प्रशांत जैन उनके कज़िन बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कोयला कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और स्टॉक में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद स्टेट जीएसटी विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
जीएसटी अधिकारी डिजिटल और फिजिकल फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स की गहन जांच कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान महावीर कोल वॉशरीज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से करोड़ों रुपये सरेंडर किए गए हैं।