26 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दिलाएंगे शपथ


रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से बिलासपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष श्री विजय क्रांति तिवारी, सचिव श्री संदीप करिहार, सह-सचिव श्री हरिकिशन गंगवानी सहित वरिष्ठ पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने तथा उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव से समारोह की अध्यक्षता करने का आग्रह किया।


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी एवं विकास पैनल को चुनाव में शानदार जीत की बधाई दी। उन्होंने 26 जनवरी 2026 को बिलासपुर प्रवास की सहमति देते हुए अपने निज सचिव श्री दीपक अंधारे को कार्यक्रम दर्ज करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बताया कि पूरे पैनल ने चुनाव में कड़ी मेहनत की, जिसका परिणाम एकतरफा जीत के रूप में सामने आया। उन्होंने जानकारी दी कि बिलासपुर प्रेस क्लब भवन के नवीनीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा 30 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बजट की स्वीकृति दी जाएगी और संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।


मुलाकात आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने चुनावी अनुभवों पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। उन्होंने बिलासपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजधानी रायपुर के बाद बिलासपुर राज्य का एक प्रमुख शहर है। हाल ही में बिलासपुर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई है और आगे सरकार व मीडिया के बीच बेहतर संवाद और समन्वय के साथ विकास कार्य किए जाएंगे।


प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अजित मिश्रा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी को मिला स्नेह, सहयोग और विश्वास पत्रकार साथियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रेस क्लब की गरिमा बनाए रखना, पत्रकारों की सुविधाओं का विस्तार करना तथा संस्था को एक सशक्त, पारदर्शी और सक्रिय मंच के रूप में विकसित करना है। प्रेस क्लब भवन का नवीनीकरण पत्रकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे कार्य-परिवेश और अधिक बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *