मुंगेली।जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुई युवक की हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बहन से बातचीत की शंका को लेकर हुए विवाद में बटनदार चाकू से वार कर हत्या की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण का सफल खुलासा किया। घटना 2 फरवरी 2026 की रात करीब 10.30 बजे खरवोरवा तालाब पार ग्राम फरहदा के पास की है, जहां जयपाल उर्फ कल्लू साहू ने अर्जुन साहू और कोमल साहू के साथ मारपीट की, वहीं हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने चाकू से जानलेवा हमला किया।
हमले में कोमल साहू (19) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की रिपोर्ट पर थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े एवं मोबाइल जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत की शंका के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह) निवासी बजरंगपारा जरहागांव एवं जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष) निवासी फरहदा को 3 फरवरी को गिरफ्तार कर 4 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।