मुंगेली : रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने 25 व 26 फरवरी को मुंगेली जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना लोरमी, चिल्फी, फास्टरपुर तथा रक्षित केंद्र का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत एवं मुलाहिजा प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग, ई-साक्ष्य संकलन और समयबद्ध चालान पेश कर अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर दिया। अनावश्यक लंबित मामलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

द्वितीय दिवस रक्षित केंद्र में परेड निरीक्षण किया गया, जहां उत्कृष्ट टर्नआउट वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही पुलिस लाइन मुंगेली में नवनिर्मित तीन शस्त्रागार भवनों का लोकार्पण किया गया।
आईजी ने “सशक्त एप” के माध्यम से वाहन चोरी की बरामदगी पर बल देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए पुरस्कार की घोषणा की। साथ ही “अनुभव क्यूआर कोड” के जरिए आम नागरिकों से सीधे फीडबैक लेने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी थानों में बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, प्रत्येक आरक्षक को 3-4 गांवों की जिम्मेदारी सौंपने और साइबर जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया, ताकि अपराधों को घटित होने से पहले रोका जा सके।