लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी के मंगलम भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों के साथ हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह में परिवारजनों और क्षेत्र के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ रंगों के इस पर्व का आनंद लिया।

उप मुख्यमंत्री साव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और खुशियों का त्योहार है। आप सभी का इतने स्नेह और आत्मीयता के साथ यहां उपस्थित होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी औपचारिक आयोजन की तरह नहीं, बल्कि लोरमी परिवार का मिलन है।
उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
समारोह में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई। लोक गायिका गरिमा दिवाकर और स्वर्णा दिवाकर सहित उनकी टीम ने फाग गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को रंगीन बना दिया। पारंपरिक गीतों और रंग-गुलाल के बीच उपस्थित लोग उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से लोरमी क्षेत्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में खुशहाली और प्रगति की कामना की।