आगर साहित्य समिति ने श्रद्धापूर्वक मनाई कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ की पुण्यतिथि”

मुंगेली। आगर साहित्य समिति के पूर्व संरक्षक स्वर्गीय श्री कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ की पुण्यतिथि पर समिति के सदस्यों द्वारा 9 जून को होटल पुनीत में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भट्ट जी के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र परिहार ने कहा कि मुंगेली जिले में साहित्य को जीवंत बनाए रखने तथा साहित्यकारों को निरंतर लेखन के लिए प्रेरित करने में स्वर्गीय भट्ट जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों ने ‘पथिक’ जी द्वारा जिले के साहित्यिक विकास के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया।

वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार मनोज अग्रवाल ने कहा कि साहित्य के प्रति भट्ट जी जैसा समर्पित व्यक्तित्व अत्यंत दुर्लभ होता है। उन्होंने बताया कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे मुंगेली की साहित्यिक उन्नति के लिए जीवन के अंतिम समय तक परिवार से दूर रहकर कार्य करते रहे।

वरिष्ठ साहित्यकार एवं भागवताचार्य डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने कहा कि सादगी और समर्पण का पर्याय ही कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ थे। वहीं समिति के संयोजक अशोक गुप्ता ने कहा कि भट्ट जी ने मुंगेली के साहित्यकारों को व्यापक मंच प्रदान करने और साहित्य सृजन के लिए निरंतर प्रेरित करने का कार्य किया।

समिति के सहसंयोजक राकेश गुप्ता ‘निर्मल’ ने बताया कि उन्हें साहित्य से जोड़ने का श्रेय ‘पथिक’ जी को जाता है। उन्होंने ‘कविता चौराहे पर’ जैसे आयोजनों को भी प्रोत्साहित किया। समिति के सचिव देव गोस्वामी ने कहा कि भट्ट जी का उनके प्रति विशेष स्नेह रहा और उन्हीं के मार्गदर्शन में उन्होंने साहित्यिक गोष्ठियों में सक्रिय सहभागिता शुरू की।

इस अवसर पर वरिष्ठ व्यवसायी प्रवीण वैष्णव, जगदीश प्रसाद देवांगन, चंद्रशेखर उपाध्याय, विभा सोनी एवं दिलीप सिंह राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र परिहार ने किया तथा अंत में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि सभा का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *