मुंगेली/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मुंगेली द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा के प्रतीक हैं।
इन वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए देश के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, मुद्रा योजना तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंचाया है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।
नारायण चंदेल ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने सड़क, रेल, हवाई अड्डों, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
भारत आज विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, आत्मनिर्भर भारत अभियान, वोकल फॉर लोकल तथा विकसित भारत के संकल्प ने देश को नई दिशा प्रदान की है।
उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीबों के उत्थान हेतु किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा किया गया।
इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक, गिरीश शुक्ला,मोहन भोजवानी, सुनील पाठक, रामशरण यादव, सौरभ बाजपेयी, राजेश्वर सिंह टंडन, वैभव ताम्रकार, लवन डाहिरे आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।