विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास का केंद्र:- लीनू मिंज
सूरजपुर/ प्रेमनगर/ कोटेया :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया में आज शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में फूलेश्वर सिरदार (जनपद पंचायत अध्यक्ष, प्रेमनगर) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में फूलमती सिरदार (सरपंच, कोटेया), पनेश्वर सिरदार (एस.एम.डी.सी. अध्यक्ष) एवं ईश्वर सिरदार (उपसरपंच, कोटेया) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि फूलेश्वर सिरदार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने एवं शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
प्राचार्य लिनू मिंज ने कहा बच्चों के लिए विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि आपके सर्वांगीण विकास का केंद्र है। यहाँ आप अनुशासन, समय का महत्व, और अच्छे संस्कार सीखेंगे। व्याख्याता पंडित भारद्वाज ने नवप्रवेशी छात्रों को बधाई देते हुए कहा यह समय है अपने लक्ष्य निर्धारित करने का और उन्हें पाने के लिए निरंतर प्रयास करने का। नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच आपको सफलता की ओर ले जाएगी।

अन्य अतिथियों ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता मालिक भारद्वाज, प्रधान पाठक रमेश साहू, कृष्ण कुमार ध्रुव, तूल सिंह कंवर, प्रदीप दास, जमुना प्रसाद राजवाड़े, कपिल राजवाड़े, गोपाल मैत्री, रीता बर्मन, मसत राम, प्रधान पाठक प्रदीप रॉय, विनोद कैवर्त, चक्रपाणि प्रसास, प्रदीप मरावी, जितेंद्र गवेल, विशाल साव, जितेंद्र कुमार सूर्यवंशी, शिवशोभन, फेकू राम सहित छात्र छात्रायें व पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने किया।