उप पंजीयक, एसडीएम व तहसील कार्यालय तक पहुंचना बना चुनौती, बारिश में सड़क बनी दलदल

“करोड़ों के राजस्व वाले विभाग तक जाने के लिए आज भी पक्के मार्ग का अभाव, बारिश शुरू होते ही आवागमन ठप्प, आमजन परेशान”

मुंगेली। जिले के उप पंजीयक कार्यालय तक पहुंचना इन दिनों आम लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कुछ वर्ष पहले आनन-फानन में भवन का निर्माण कर कार्यालय तो शुरू कर दिया गया, लेकिन सड़क से कार्यालय तक पहुंचने के लिए पक्का मार्ग बनाना प्रशासन भूल गया। इसका खामियाजा अब बारिश के शुरुआती दौर में ही लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

कार्यालय परिसर तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुका है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दूर-दराज़ से उप पंजीयक कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय आने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग फिसलने के डर से मुश्किल से कार्यालय तक पहुंच पा रहे हैं।

उप पंजीयक कार्यालय जिले के सर्वाधिक राजस्व देने वाले विभागों में शामिल है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से विभाग की कार्यप्रणाली भी प्रभावित हो रही है। बारिश के कारण बदहाल मार्ग से दस्तावेज लेकर आने वाले नागरिकों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इधर जिला प्रशासन बाढ़ और अतिवृष्टि से निपटने की तैयारियों में जुटा है, लेकिन जिला मुख्यालय के इन महत्वपूर्ण कार्यालयों तक पहुंचने के लिए आवश्यक सड़क निर्माण जैसी व्यावहारिक समस्याओं पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है। इससे न केवल आमजन की परेशानी बढ़ रही है, बल्कि सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश बढ़ने के साथ हालात और भी खराब हो जाएंगे। बदहाल रास्ते पर आवागमन के दौरान किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र पक्की सड़क बनवाने और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *