कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म का आरोप, बिल्डर समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बिलासपुर। कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किए जाने की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने लोरमी निवासी बिल्डर नरेंद्र खत्री समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देश पर चकरभाठा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बिलासपुर निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2023 में काम के सिलसिले में उसकी पहचान बिल्डर नरेंद्र खत्री से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे घूमने के बहाने लोरमी, गोवा तथा अन्य स्थानों पर ले गया।

पीड़िता का आरोप है कि गोवा प्रवास के दौरान आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और उसकी अचेत अवस्था का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद कान्हा किसली सहित अन्य स्थानों पर भी उसके साथ कई बार अनाचार किया गया।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने विवाह से इंकार कर दिया और उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत में युवती ने विवाद के दौरान आत्महत्या का प्रयास किए जाने का भी उल्लेख किया है।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नरेंद्र खत्री समेत चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की सत्यता का परीक्षण विवेचना के दौरान किया जाएगा। फिलहाल आरोपियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *