मुंगेली में औद्योगिक विकास की नई शुरुआत, BEML संयंत्र बनेगा विकास का नया आधार

  • राज्य मंत्रिपरिषद ने 79.70 एकड़ शासकीय भूमि आबंटन को दी मंजूरी

रायपुर/मुंगेली। जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय राज्य मंत्रिपरिषद ने लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मुंगेली जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के प्रस्तावित हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आबंटित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

– प्रदेश का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र

यह छत्तीसगढ़ का अपनी तरह का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट (भारी मशीनरी) निर्माण संयंत्र होगा। प्रस्तावित संयंत्र ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित किया जाएगा, जो बिलासपुर–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी BEML के आगमन से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

– रोजगार और सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, परिवहन, स्पेयर पार्ट्स निर्माण और अन्य सहायक उद्योगों के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे मुंगेली जिले की औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

– प्रशासन के विशेष प्रयासों से मिली परियोजना

पथरिया की एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर BEML संयंत्र के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान मुंगेली जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा। प्रशासन के सक्रिय प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य मंत्रिपरिषद ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।

मुंगेली जिले के लिए यह परियोजना औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इसके क्रियान्वयन से न केवल निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे, बल्कि जिले को प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर भी एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *