बिलासपुर। शहर की एक महिला ने अपने सास-ससुर और ननदों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस महानिदेशक, बिलासपुर रेंज से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, अंबेडिका विहार, राजकिशोर नगर निवासी 33 वर्षीय दिव्या सिंह का विवाह राजीव सिंह के साथ 14 फरवरी 2011 को आर्य समाज मंदिर, बिलासपुर में हुआ था। महिला के अनुसार, उनके दो बच्चे हैं। उनके पति पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
महिला ने आरोप लगाया है कि उसके सास-ससुर और ननदें दहेज को लेकर उसे लगातार ताना देती हैं। कथित तौर पर उससे 5 लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन लाने की मांग की जाती है। महिला का आरोप है कि पति के ड्यूटी पर जाने के बाद उसके ससुर उसके साथ गाली-गलौज करते हैं और उसे किचन में खाना बनाने तक नहीं दिया जाता। इसके चलते उसे होटल से बच्चों के लिए खाना मंगाना पड़ रहा है।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके ससुर अपने पूर्व पुलिस अधिकारी होने का प्रभाव दिखाते हुए डायल-112 बुलाकर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हैं। महिला ने अपने ससुर पर किचन में उसके साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत करने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विरोध करने पर उसे घर से निकालने की धमकी दी जाती है।
पति के नाम पर लिए लोन की किस्त कटने का भी दावा
महिला ने शिकायत में बताया कि उसके ससुर ने उसके पति के नाम से HDFC बैंक की राजीव गांधी चौक शाखा से करीब 40 लाख रुपये का होम लोन लिया है, जिसकी किस्त उसके पति के वेतन खाते से कट रही है। इसके अलावा ननद की शादी के लिए SBI की व्यापार विहार शाखा से लिए गए करीब 4 लाख रुपये के लोन की किस्त भी पति द्वारा चुकाए जाने का आरोप लगाया गया है।
महिला का दावा है कि उसके पास कथित गाली-गलौज और धमकियों से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग, जबकि ननदों द्वारा सास को भड़काने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। शिकायत में पति को नौकरी से निकलवाने की धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
महिला ने कहा कि इन घटनाओं के कारण वह मानसिक रूप से परेशान और भयभीत है तथा उसके बच्चों के भविष्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उसने पुलिस महानिदेशक से मामले की जांच कर सास-ससुर और ननदों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।