केंद्रीय राज्य मंत्री , विधायक, कलेक्टर एवं एसएसपी सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल
मुंगेली, 14 अगस्त 2026/ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारत विभाजन के दौरान हुई पीड़ादायक घटनाओं और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लोगों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हुए मुंगेली में कैंडल मार्च निकाला गया।
स्वामी आत्मानंद स्कूल से सामुदायिक भवन तक निकला कैंडल मार्च
स्वामी आत्मानंद स्कूल दाऊपारा से नगर पालिका अंतर्गत पुराना बस स्टैंड स्थित सामुदायिक भवन तक आयोजित कैंडल मार्च में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वच्छता दीदियां और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए।
हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर मार्च में शामिल लोगों ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कैंडल मार्च के उपरांत अमर जवान ज्योति पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए और विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति में मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
हमारी भाषाएं और संस्कृतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्र एक है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि हमारी भाषाएं और संस्कृतियां अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा राष्ट्र एक है। राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना रखते हुए हमें अपने गौरव और स्वाभिमान को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और कहा कि उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।

स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन की त्रासदी से लें प्रेरणा
विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि देश को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और विभाजन की त्रासदी से हमें प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और विकास में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ते हुए हमें राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

अतीत से प्रेरणा लेकर एकता और सद्भाव को मजबूत करें
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें अतीत की पीड़ादायक घटनाओं को स्मरण करने के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें इतिहास से सीख लेकर आपसी भाईचारे और समरसता की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

इतिहास को जानना बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए जरूरी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए अपने इतिहास को जानना आवश्यक है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें अतीत की त्रासदी और उन वीर बलिदानियों के त्याग को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर हमें मजबूत, सुरक्षित और समरस समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

एकता और सद्भाव से ही बनेगा मजबूत एवं विकसित राष्ट्र
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित कैंडल मार्च ने नागरिकों और विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि अतीत की त्रासदियों को स्मरण करते हुए उनसे सीख लेना आवश्यक है। एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ आगे बढ़कर ही मजबूत, सुरक्षित एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
क्रमांक//सुजीत कुमार सिंह//फोटो