झगरहट्टा। हरियाली तीज के पावन अवसर पर झगरहट्टा स्थित रसिक बिहारी मंदिर में भव्य झूला उत्सव का शुभारंभ हुआ। ठाकुर रसिक बल्लभ लाल जी को समर्पित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन प्रतिदिन रात्रि 7:30 बजे से 9:30 बजे तक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। यह उत्सव रक्षाबंधन तक अनवरत जारी रहेगा।
रसिक बिहारी मंदिर में ठाकुर रसिक बल्लभ लाल जी की स्थापना का गौरवशाली इतिहास लगभग 50 वर्ष पुराना है। मंदिर की स्थापना स्वर्गीय रगो सिंह परिहार द्वारा की गई थी। वर्तमान में उनके परिवार तथा परिहार परिवार ट्रस्ट द्वारा मंदिर की सेवा और धार्मिक परंपराओं का निरंतर निर्वहन किया जा रहा है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राधाचरण सिंह के साथ समिति के सदस्य शिव प्रताप सिंह, हिरदेश सिंह, गोखले सिंह, बसंत सिंह, श्रीधर सिंह, हेमंत सिंह, शुभम सिंह, आकाश सिंह, कान्हा सिंह, बृजभूषण सिंह, गौरांग सिंह और बृजेंद्र सिंह सहित परिहार परिवार की महिला सदस्य ठाकुर रसिक बल्लभ लाल जी की सेवा में पूरी निष्ठा और श्रद्धाभाव से जुटे हुए हैं।
झूला उत्सव के दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक वातावरण के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है। हरियाली तीज के इस विशेष आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक उत्साह का भी वातावरण निर्मित किया है।