मातृशक्ति के सम्मान में होगा भव्य समारोह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति के सम्मान का पर्व तीजा तिहार इस बार बेलतरा विधानसभा में भव्य रूप से मनाया जाएगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में कमल सखी परिवार एवं भाजपा बेलतरा विधानसभा की बहनों द्वारा रविवार, 6 सितंबर को बहतराई स्थित बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम में भव्य तीजा तिहार समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि एवं महिला नेत्रियां शामिल होंगी। विधायक रेणुका सिंह, भावना बोहरा, शकुंतला पोर्ते, महापौर पूजा विधानी, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, शांति केदार कश्यप, शशि अमर अग्रवाल, शशि धर्मजीत सिंह एवं सुरुज धरमलाल कौशिक सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगेगा समारोह
तीजा तिहार समारोह में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक उत्सव की झलक देखने को मिलेगी। लोकप्रिय गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर तथा उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। तीजहारिन माताओं एवं बहनों के लिए करू भात और पारंपरिक सावन झूले की व्यवस्था की गई है। वहीं बच्चों के लिए आकर्षक प्लेइंग जोन सहित विभिन्न मनोरंजक एवं पारंपरिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मातृशक्ति के सम्मान का पर्व
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, प्रेम और समर्पण के साथ ही समृद्ध लोकपरंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को सहेजने का प्रयास है।
आयोजकों ने बेलतरा विधानसभा सहित बिलासपुर क्षेत्र की सभी माताओं एवं बहनों से पारंपरिक परिधान में बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचकर तीजा तिहार के उत्सव में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम: 6 सितंबर 2026, रविवार | सुबह 11 बजे
स्थान: बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम, बहतराई, बिलासपुर