मुंगेली कलेक्टर रहे कुंदन कुमार की विदाई समारोह में दिखा भावुक पल, अमृत विकास तोपनो का हुआ स्वागत

  • प्रेस क्लब व सामाजिक संगठनों ने साफा पहनाकर किया सम्मान, स्मृति चिन्ह भेंट कर दी भावभीनी विदाई
  • नवपदस्थ कलेक्टर ने बेहतर प्रशासन और विकास के लिए संकल्पित रहने दिलाया भरोसा

मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार के स्थानांतरण पर कस्तूरी होटल में प्रेस क्लब एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल का स्वागत समारोह भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने पूर्व कलेक्टर कुंदन कुमार को साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्यकाल को यादगार बनाया।

विदाई के इस भावुक अवसर पर उपस्थित लोगों ने कलेक्टर कुंदन कुमार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके प्रशासनिक समन्वय, सक्रियता और ठोस निर्णय क्षमता को विशेष रूप से याद किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी बतौर अतिथि मौजूद रहे।

–डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में दिखी प्रशासनिक सक्रियता

कुशल प्रशासक के रूप में कलेक्टर कुंदन कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले के विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सक्रियता से कार्य किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडीएस सिस्टम सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सार्थक प्रयासों से मुंगेली जिले की पहचान और सम्मान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने कहा कि कलेक्टर कुंदन कुमार ने कठिन परिस्थितियों में भी प्रशासनिक समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया। उनकी कार्यशैली में निर्णय क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का जज्बा हमेशा दिखाई दिया।

“चुनौतियां और दबाव थे, लेकिन सबके सहयोग ने राह आसान की”

अपने भावुक उद्बोधन में कलेक्टर कुंदन कुमार ने मुंगेली जिले में बिताए डेढ़ वर्ष के कार्यकाल को साझा करते हुए कहा कि जिले में काम करते समय अनेक चुनौतियां और दबाव होते हैं, जिनका इस पद पर रहते हुए सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुंगेली में कार्य करते हुए उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित सभी जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने मीडिया के साथियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया ने उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए सकारात्मक ऊर्जा देने का काम किया। जिले के सभी विभागों ने भी कठिन परिस्थितियों में पूरा सहयोग दिया और बेहतर कार्य किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और मुंगेली जिला अव्वल दर्जे पर अपनी पहचान बनाए रखेगा।
नए कलेक्टर ने दिलाया बेहतर कार्य का भरोसा
नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने पूर्व कलेक्टर कुंदन कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे उनके बैचमेट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेली जिले में पूर्व कलेक्टर द्वारा किए गए बेहतर कार्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन और विकास के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जिले के सफल संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों, मीडिया, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से सहयोग की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपस्थित अतिथियों और सामाजिक संगठनों ने नवपदस्थ प्रशासनिक नेतृत्व के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
विदाई के पल में शब्द कम, भावनाएं ज्यादा रहीं
समारोह का सबसे भावुक पक्ष वह रहा, जब पूर्व कलेक्टर कुंदन कुमार को सम्मानित कर विदाई दी गई। डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में बने आत्मीय संबंधों के चलते कई चेहरों पर भावुकता साफ नजर आई। किसी प्रशासक का स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा जरूर है, लेकिन जब कार्यशैली और व्यवहार दिलों में जगह बना लें, तो विदाई महज औपचारिकता नहीं रह जाती।

“रिश्ते पदों से नहीं, व्यवहार से बनते हैं,
कुछ लोग जाते हैं, मगर यादों में हमेशा रहते हैं।
जिम्मेदारियां बदलती हैं, सफर बदल जाता है,
पर अच्छे कामों का असर हमेशा दिलों में रह जाता है।”

कुंदन कुमार के सम्मान में कही गई शुभकामनाओं और आत्मीय शब्दों ने वातावरण को भावुक कर दिया।

उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मुंगेली में उनके कार्यकाल की स्मृतियां लंबे समय तक याद की जाती रहेंगी।

–एक को विदाई, दूसरे का स्वागत—जिम्मेदारियों का नया अध्याय

समारोह ने एक ओर जहां पूर्व कलेक्टर कुंदन कुमार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी, वहीं दूसरी ओर नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के आगमन के साथ मुंगेली के विकास और प्रशासन का नया अध्याय शुरू होने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पूर्व कलेक्टर के प्रशासनिक प्रयासों की सराहना करते हुए नवपदस्थ कलेक्टर से भी जिले की विकास यात्रा को और गति देने की उम्मीद जताई। समारोह सौहार्द, सम्मान और भावनाओं के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *