- माजिसा पैदल यात्रा संघ ने पूरी की तैयारियां, तीन दिवसीय यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु होंगे शामिल
आगोलाई/जोधपुर। माजिसा मंडल पैदल यात्रा संघ, आगोलाई के तत्वावधान में 10 सितंबर को प्रातः माजिसा मंदिर परिसर से जसोल धाम के लिए सैकड़ों पदयात्री रवाना होंगे। पदयात्रा को लेकर आगोलाई माजिसा पैदल यात्रा संघ द्वारा पदयात्रियों का रजिस्ट्रेशन पूर्ण कर लिया गया है तथा यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भजनों और संगीत की स्वर लहरियों के साथ जसोल धाम की ओर प्रस्थान करेंगे। तीन दिवसीय इस पैदल यात्रा में पदयात्रियों के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर विश्राम की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोजन, ठहरने और पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

आगोलाई माजिसा मंदिर आयोजन समिति की ओर से पदयात्रियों के लिए भोजन एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रा के तीसरे दिन पदयात्रियों का जत्था जसोल स्थित माजिसा धाम पहुंचेगा, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भव्य पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी। इसके साथ ही पदयात्रा का विधिवत समापन होगा और श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।

पदयात्रा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में माजिसा मंदिर के प्रमुख सवाई चंद जी शर्मा सहित उनके सहयोगियों की टीम जुटी हुई है। आयोजन समिति द्वारा पदयात्रियों की सुविधा एवं यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
-जोधपुर से सपत्नीक पैदल रवाना हुए चम्पालाल जी शर्मा
माजिसा धाम के प्रति आस्था रखने वाले चम्पालाल जी शर्मा सपत्नीक बुधवार को जोधपुर से पैदल आगोलाई के लिए रवाना हुए। वे देर शाम तक आगोलाई पहुंचकर 10 सितंबर को माजिसा मंदिर परिसर से रवाना होने वाली पदयात्रा में शामिल होंगे। चम्पालाल जी शर्मा की यह यात्रा हर वर्ष जोधपुर स्थित अपने निवास से ही प्रारंभ होती है और वे आगोलाई पहुंचकर पदयात्रियों के साथ जसोल धाम की ओर प्रस्थान करते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ मुंगेली के मनीष शर्मा भी इस पदयात्रा में शामिल होने आज अपने मूल गांव आगोलाई पहुंच गए हैं। पदयात्रा के लिए यह उनका दूसरी बार सौभाग्य मिला।