मोदी सरकार का छत्तीसगढ़ को बड़ा रेल तोहफा, ₹10,783 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी : तोखन साहू

बिलासपुर। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ₹10,783 करोड़ की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। इनमें कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन तथा बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी रेल लाइन छत्तीसगढ़ के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।

श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार को लगातार गति मिल रही है। इन परियोजनाओं से करीब 656 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार होगा। इसका लाभ पांच राज्यों के 14 जिलों और लगभग 4,790 गांवों को मिलेगा, जहां करीब 56 लाख की आबादी बेहतर रेल कनेक्टिविटी से लाभान्वित होगी।

उन्होंने कहा कि रेल लाइनों की क्षमता बढ़ने से ट्रेनों के आवागमन में बाधाएं कम होंगी और यात्री सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही कोयला, सीमेंट, लौह अयस्क और इस्पात जैसे महत्वपूर्ण उत्पादों की माल ढुलाई अधिक सुगम होगी। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अतिरिक्त लगभग 27 मिलियन टन यानी 2.7 करोड़ टन माल प्रतिवर्ष परिवहन क्षमता बढ़ने का अनुमान है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से अमरकंटक, अचानकमार टाइगर रिजर्व, रतनपुर महामाया मंदिर, मल्हार सहित प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

श्री साहू ने कहा कि रेल परिवहन के विस्तार का पर्यावरणीय लाभ भी महत्वपूर्ण है। परियोजनाओं से करीब 12 करोड़ लीटर तेल आयात की बचत तथा लगभग 62 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में आधुनिक एवं मजबूत रेल अधोसंरचना का निर्माण तेजी से हो रहा है। छत्तीसगढ़ के लिए स्वीकृत ये परियोजनाएं यात्री सुविधाओं, माल परिवहन, उद्योग, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाली हैं।

श्री तोखन साहू ने कहा कि इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के रेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास की संभावनाएं और व्यापक होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *