शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और डिजिटल नवाचार पर हुआ मंथन, मंत्री ने लॉन्च किया ‘लईका चिन्हारी’ ऐप
सूरजपुर। शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग को लेकर रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय AI आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य एवं शिक्षक शामिल हुए। सूरजपुर जिले से पीएमश्री सेजस प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार झा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया के व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव, पीएमश्री सेजस प्रेमनगर से व्याख्याता मिथुन चक्रवर्ती, रामानुजनगर से राजीव कुमार मिश्रा, नवापारा सूरजपुर से दुष्यंत राजवाड़े , जयनगर से शशि शेखर शर्मा ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह ने की। इस अवसर पर समग्र शिक्षा के एमडी किरण कौशल सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न ऐप एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने वाली कंपनियों द्वारा अपने-अपने तकनीकी समाधानों की जानकारी दी गई। इन ऐप्स के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया, शिक्षकों के अध्यापन कार्य, शैक्षणिक प्रबंधन एवं विद्यालयीन गतिविधियों को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि AI और डिजिटल तकनीक शिक्षा व्यवस्था को अधिक सरल, प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। शिक्षकों को तकनीक के साथ जोड़ते हुए इसका उपयोग विद्यार्थियों के सीखने और शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य शिक्षक की भूमिका को कम करना नहीं, बल्कि शिक्षक को अधिक सक्षम बनाना और विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है।
स्कूल शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचारों का उपयोग तभी सार्थक होगा, जब उसका सीधा लाभ विद्यार्थी, शिक्षक और विद्यालय को मिले। AI आधारित तकनीकों को समझकर उसका जिम्मेदारीपूर्वक एवं प्रभावी उपयोग करने के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा ‘लईका चिन्हारी’ ऐप का शुभारंभ भी किया गया। ऐप को शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी एवं शैक्षणिक गतिविधियों को तकनीक के माध्यम से अधिक व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
सूरजपुर जिले से शामिल शिक्षकों ने राज्यस्तरीय प्रशिक्षण को शिक्षा के क्षेत्र में बदलती तकनीकी आवश्यकताओं को समझने तथा AI आधारित संसाधनों को अपने विद्यालयीन एवं अध्यापन कार्य में उपयोग करने की दृष्टि से उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षणों से शिक्षकों को नवीन तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ विद्यार्थियों के लिए शिक्षण को अधिक रुचिकर एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।