ध्वनि प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग, मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन बजाया जा रहा तेज संगीत
बिलासपुर। सरकंडा मुख्य मार्ग स्थित मेगा शॉप द्वारा प्रतिदिन खुलेआम लाउडस्पीकर में तेज आवाज में संगीत बजाए जाने से आसपास के व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान की ओर से लगातार तेज आवाज में संगीत बजने के कारण क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण की स्थिति बनी हुई है। इससे आसपास के दुकानदारों के साथ राहगीरों और स्थानीय रहवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, व्यस्त मुख्य मार्ग पर दिनभर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार तेज आवाज के कारण दुकानों में ग्राहकों से बातचीत करने और सामान्य कामकाज में भी दिक्कत होती है।
गौरतलब है कि हाल ही में गणेश विसर्जन के दौरान तेज डीजे और ध्वनि प्रदूषण को लेकर एक बालिका की मौत का मामला सामने आया था, जिसके बाद तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाने को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मेगा शॉप द्वारा बजाए जा रहे लाउडस्पीकर की आवाज की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।