बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में होगा शुभारंभ, मां महामाया मंदिर में ध्वजा अर्पण के साथ होगा समापन
बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार, 11 अक्टूबर से मां महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान जी के प्रति आस्था और श्रद्धा से जुड़ी भव्य ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक यात्रा का शुभारंभ श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से होगा। यात्रा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर मां महामाया मंदिर, रतनपुर पहुंचेगी।
ध्वजा यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में खासा उत्साह है। यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। श्रद्धालु मां महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान जी के चरणों में ध्वजा अर्पित कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे।
पहले दिन कई गांवों से गुजरेगी यात्रा
यात्रा के प्रथम दिन श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नवागांव, रतनपुर रेस्ट हाउस, ओछीनापारा चौक, खैरखुंडी, सरवनदेवरी, लखराम, अकलतरी, गड़वट और बाम्हू सहित विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ेगी। पहले दिन यात्रा का समापन टेकर में रात्रि विश्राम के साथ होगा। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचेगी, जहां पवित्र ध्वजा अर्पित की जाएगी।
विधायक ने श्रद्धालुओं से की सहभागिता की अपील
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शारदीय नवरात्रि मां शक्ति की आराधना और भक्ति का पावन पर्व है। मां महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान जी की कृपा से क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, इसी मंगलकामना के साथ विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ध्वजा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह धार्मिक आस्था और आराध्य के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सभी परिवारों, मातृशक्ति, युवाओं और धर्मप्रेमियों से अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ यात्रा में शामिल होने की अपील की। विधायक ने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं की सामूहिक सहभागिता से यह आयोजन आध्यात्मिक आनंद, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश देगा।