ट्रांसफर के नाम पर एक लाख रुपये लेने का आरोप, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य की शिकायत

  • भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और भाजपा अनुशासन समिति से की गई शिकायत, संगठनात्मक कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक महिला कर्मचारी का मुंगेली से बिलासपुर स्थानांतरण कराने का भरोसा देकर कथित तौर पर एक लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशाल सिंहदेव पर दो किश्तों में ऑनलाइन राशि लेने और स्थानांतरण नहीं कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी और पार्टी की अनुशासन समिति को आवेदन देकर मामले की जांच तथा संगठनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

~ गारंटेड ट्रांसफर का भरोसा देकर रकम लेने का आरोप

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि महिला कर्मचारी ने अपने बुजुर्ग मां और बच्चों की देखभाल की जरूरत के चलते मुंगेली से बिलासपुर स्थानांतरण कराने के लिए संपर्क किया था। आरोप है कि करीब छह माह पूर्व मोबाइल के माध्यम से संपर्क होने के बाद विशाल सिंहदेव ने स्थानांतरण कराने का भरोसा दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी भरोसे पर उसने दो किश्तों में कुल एक लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से दिए।

आवेदन के अनुसार, पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाने के बावजूद स्थानांतरण नहीं हुआ। इसके बाद कथित तौर पर दोबारा 50 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दूसरी किश्त देने के बाद भी उसका स्थानांतरण नहीं कराया गया और रकम वापस मांगने पर भी समाधान नहीं हुआ।

~मंत्री और ओएसडी से नजदीकी का हवाला देने का दावा

शिकायतकर्ता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि विशाल सिंहदेव ने स्वयं को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और उनके ओएसडी का करीबी बताते हुए स्थानांतरण कराने का भरोसा दिलाया था। इसी आश्वासन के आधार पर राशि दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

~फाइल सीएम और राज्यपाल के अनुमोदन के लिए भेजने की बात कहने का आरोप

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम देने के बाद करीब चार माह तक स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही जाती रही। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे मंत्री के समक्ष फाइल पहुंचने तथा मुख्यमंत्री और राज्यपाल के अनुमोदन की प्रक्रिया का हवाला दिया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

~ बैंक लेन-देन का विवरण देने की बात

शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन के साथ कथित ऑनलाइन बैंक हस्तांतरण और लेन-देन से संबंधित विवरण संलग्न करने का उल्लेख किया है। अब शिकायत के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

~भाजपा संगठन की कार्रवाई पर नजर

मामले में भाजपा संगठन की ओर से जांच शुरू होने या किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई किए जाने की पुष्टि फिलहाल उपलब्ध नहीं है। आरोपों के संबंध में विशाल सिंहदेव का पक्ष भी इस समाचार के लिए उपलब्ध नहीं हो सका है। ऐसे में शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *