छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कर चोरी के खिलाफ आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। विभाग की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ समेत प्रदेश के कई जिलों में एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर की गई छापेमारी विशेष रूप से चर्चा में है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे आयकर विभाग के 12 से 15 अधिकारियों की विशेष टीमें रायगढ़ पहुंचीं। टीमों ने बर्बरीक हाउस समेत चार प्रमुख ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित फर्मों के दस्तावेज, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में कारोबारी और आर्थिक रूप से जुड़े हुए हैं। दोनों समूहों द्वारा साझा कारोबार संचालित किए जाने की बात सामने आई है। इसी नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित कर अनियमितताओं की जानकारी के आधार पर आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की है।

आयकर विभाग की टीमें संबंधित ठिकानों पर मौजूद रहकर दस्तावेजों, खातों और वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही हैं। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *