राष्ट्रीय स्तर पर चमके मुंगेली के बैडमिंटन सितारे हर्ष शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया सम्मानित

मुंगेली। जिले के प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी हर्ष शर्मा को खेल के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान स्थापित करने के लिए सम्मानित किया गया। 27 नवंबर से प्रारंभ हुए मुंगेली व्यापार मेले के भव्य आयोजन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों हर्ष शर्मा को यह सम्मान प्रदान किया गया।

हर्ष शर्मा ने बैडमिंटन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, लगन और निरंतर मेहनत के दम पर जिला स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल मुंगेली जिले का गौरव बढ़ा है, बल्कि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी खेल के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

उल्लेखनीय है कि हर्ष शर्मा को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए पूर्व में भी विभिन्न आयोजनों, सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसी कड़ी में सफलतम 12 वर्षों से आयोजित हो रहे मुंगेली व्यापार मेले में स्टार ऑफ टुमारो संस्था द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।

सम्मान प्राप्त करने के बाद हर्ष शर्मा ने आयोजक संस्था, अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया तथा सभी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *