आर्ट ऑफ लिविंग परिवार मुंगेली द्वारा, सिंधु सेवा समिति मुंगेली के सहयोग से तथा सेवा भारती मुंगेली के सौजन्य से रायपुर रोड स्थित सिंधु पैलेस में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मार्गदर्शन दिल्ली के जाने-माने गैस्ट्रो एवं लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. समर्थ शर्मा ने किया।
इस शिविर में बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक मशीनों के माध्यम से नागरिकों के लीवर की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही शुगर एवं यूरिक एसिड की भी निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
डॉ. समर्थ शर्मा ने उपस्थित लोगों को लीवर से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक किया तथा उनके बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। शिविर में जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, बिलासपुर के सेवादारों द्वारा निःशुल्क सेवाएं प्रदान की गईं और लोगों को उचित परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर मुंगेली में पहली बार फाइब्रो स्कैन मशीन लाई गई, जिसके माध्यम से लोगों को उनके लीवर की वर्तमान स्थिति की सटीक जानकारी दी गई। जांच के दौरान कई ऐसे मरीज सामने आए जिनके लीवर में फैट और कठोरता पाई गई। अनेक मरीज प्रथम चरण में पाए गए, वहीं कुछ मरीजों को अपनी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उपचार की आवश्यकता बताई गई।
शिविर में 16 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की जांच की गई। इस स्वास्थ्य शिविर में समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
शिविर को सफल बनाने में जज़्बा टीम से शंकर सिंह राठौर, नितीश कुमार सांडेय, हरिश साहू, नमन साहू, तुषार मैत्री; राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संदीप ताम्रकार, रामावतार साहू, आकाश सोनी, आशुतोष मिश्रा, गजेंद्र साहू; पूज्य पंचायत सिंधु सेवा समिति मुंगेली से प्रताप राय राजेश, मोहन भोजवानी, सुरेश सत्यपाल, नारायण दास नागदेव, केशव रामचंदानी, अजय लेडवानी, संजय सत्यपाल, भोजराज सत्यपाल तथा आर्ट ऑफ लिविंग परिवार से अखिलेश तिवारी, हेमंत देवांगन, पालेश्वर साहू, मयंक वैष्णव सहित अनेक सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।