मैनपुर। कलेक्टर भगवान सिंह उईके के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक श्री चंदन रॉय के मार्गदर्शन में शुक्रवार को सहायक संचालक कृषि श्री अनिल कुमार कौशिक एवं उर्वरक निरीक्षक की टीम ने मैनपुर विकासखण्ड के दो उर्वरक विक्रेताओं मेसर्स राजेन्द्र खाद भंडार धुरवागुड़ी और मेसर्स सिद्धी विनायक कृषि केन्द्र गोहरापदर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि मेसर्स राजेन्द्र खाद भंडार धुरवागुड़ी द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरकों की बिक्री, अघोषित स्थल पर भंडारण, मूल्य सूची का प्रदर्शन न करना, नगद/उधार का सही रजिस्टर न रखना एवं आवश्यक अभिलेखों का संधारण न करने जैसी गंभीर अनियमितताएँ की जा रही थीं। यह उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 का उल्लंघन पाया गया।
कार्रवाई के तहत दुकान में रखी गई 520 बोरी यूरिया जब्त कर विक्रय पर रोक लगाई गई तथा 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही, संस्थान का उर्वरक प्राधिकार पत्र 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। जहाँ कमी है, वहाँ तत्काल भंडारण कराया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेता से ही निर्धारित दर पर उर्वरक खरीदें और हमेशा पक्का बिल लें। यदि कहीं अवैध बिक्री या अधिक कीमत पर उर्वरक मिलने की जानकारी हो तो तुरंत विभागीय अधिकारियों को सूचित करें।