मूंगफली के अच्छे दिन आए, चना, मुरमुरा में आई गर्मी, पोहा में मंदी का दौर

भाटापारा। चना, मुरमुरा में तेजी आ चुकी है। मूंगफली भी गर्मी दिखा रहा है। अलबत्ता पोहा, हल्की बढ़त के बाद अब शांत है। सीजन की मांग जोर पकड़ने के बाद इन चारों में धारणा तेजी की बन चुकी है।

खेती- किसानी का काम याने चना, मुरमुरा और मूंगफली की मांग का बढ़ना। लगभग एक पखवाड़े विलंब से शुरू हुआ बाजार, अब गर्मी लेता नजर आ रहा है। सर्वाधिक 20 रुपए किलो की तेजी मूंगफली में आ चुकी है। मांग का दबाव है इसलिए आगे के दिन भी गर्मी भरे होने की प्रबल संभावना है। इधर लाई-बताशा में बाजार ठहरा हुआ है।

~ मांग का दबाव

चना और मुरमुरा की मांग और सीजन दोनों की शुरुआत हो चली है। बाजार शुरुआती दौर में है लेकिन जैसी गर्मी आ रही है, उसे देखते हुए दोनों की कीमतें आगे और उछाल ले सकतीं हैं। इस समय मुरमुरा 5 किलो का पैकेट 175 से 180 रुपए पर बोला जा रहा है, तो चना फूटा होलसेल में 65 रुपए तो रिटेल में 68 से 70 रुपए किलो पर चल रहा है।

~ मूंगफली ने दिखाए तेवर

मूंगफली में नई फसल 3 महीने के बाद आने की खबर है। सीजन की मांग निकलने से इसमें किलो पीछे 20 रुपए की तेजी आ चुकी है। इस समय मूंगफली दाना, रिटेल काउंटर में 95 से 110 रुपए किलो पर मिल रहा है। शीत ऋतु की तैयारी और त्यौहारी मांग चालू हो चुकी है, इसलिए इसमें तेजी आगे भी बनी रहने की संभावना है।

~ पोहा ठंडा

कोरोना इस बाजार को पहले से ही जमीन पर ला चुका है। रही- सही कसर बिजली की बढ़ी हुई दरों ने पूरी कर दी है। मंदी की मार से कराह रहीं पोहा यूनिटें उत्पादन का स्तर तो बनाए हुए हैं लेकिन भाव हताश कर रहे हैं। इस समय पेपर पोहा 2800 से 2900 रुपए क्विंटल पर चल रहा है तो पोहा प्लेन 2500 से 2800 रुपए क्विंटल पर भी खरीददार की राह देख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *