छत्तीसगढ़ सरकार के सीएम नेतृत्व ढाई ढाई साल मुद्दे पर सबकी निगाहें कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी के निर्णय पर टिकी

कहा जाता है ग़र बात निकली है तो दूर तलक जाएगी…कुछ ऐसा ही हाल इन दिनों जून की तारीख 17 के बाद से मुख्यमंत्री के ढाई ढाई साल कार्यकाल को लेकर देखा जा रहा है। इस मामले में आग दोनो तरफ यानी ये कहें सिंहदेव व सीएम भूपेश बघेल खेमे में लगी हुई है। इस बीच कुछ विधायक व मंत्रियों ने कद्दावर नेता टीएस सिंहदेव को नीचा दिखाने पहले प्रयास बाद में माफीनामा अर्जी देकर मामला को शांत करने की कोशिश की गई। ढाई साल के बाद ऐसा भी माना जा रहा है कि कई राज्य जैसे राजस्थान, मध्यप्रदेश व पंजाब में चल रहे कांग्रेस के लिए ग्रहण जैसे हालात के मद्देनजर जून से अब तलक पल पल की ख़बर छत्तीसगढ़ राज्य जहाँ पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार है बावजूद पैनी निगाह लगाए हुए है।कारण राजनैतिक प्रतिद्वंदिता में आने वाले कल में वो हर चीज संभव है जो इतिहास में ना कभी देखी गई और न ही कभी सुनी गई।

पिछले दिनों राहुल गांधी के बुलावे पर सीएम भूपेश बघेल, मंत्री टीएस सिंहदेव व छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया के साथ बन्द कमरे में तीन घंटे की बैठक चली और इस बैठक के बाद तीनो नेताओ ने मीडिया के समक्ष यह जरूर कहा कि ढाई ढाई साल विषय नही बल्कि छत्तीशगढ़ के विकास को लेकर चर्चा हुई मगर अगर इस बात में सत्यता रहती तो फिर ये नए राजनैतिक समीकरण क्यों बन रहे है मतलब सीधा यही माना जा सकता है कि वो महत्वपूर्ण बैठक में कोई और विषय नही बल्कि ढाई ढाई साल का ही अहम मुद्दा रहा हो और ऐसी संभावना है भी जिससे मुख्यमंत्री बदलना तय हो रहा हो तब मीडिया को किसी विवाद के बाद मुख्यमंत्री बदलने के बयान से किरकिरी क्यों करवाई जाए या ये कहे कि आगामी 2023 के चुनाव में कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की बन रही कठिन राह आसान करना है तो नए माहौल के बाद अभी तक के सरकार की खामियों को दबा कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का भी एक सार्थक प्रयास हो।

छत्तीसगढ़ के विधायकों के दिल्ली बुलावे पर पीएल पुनिया का बड़ा बयान, हाईकमान ने किसी विधायक को दिल्ली नहीं बुलाया, सोनिया के फैसले का सभी को इंतजार

छत्तीसगढ़ में ढाई साल बाद मुख्यमंत्री वाले विवाद के बीच कल दिनभर प्रदेश में राजनीतिक गर्मी रही। इसी बीच खबर आई थी कि हाईकमान ने प्रदेश के अपने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। इन सबके बीच कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया नई दिल्ली के एक टीवी चैनल को दिए बयान में कहा है कि हाईकमान ने किसी विधायक को दिल्ली नहीं बुलाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी कहा है कि पार्टी आलाकमान ने किसी भी विधायक को दिल्ली नहीं बुलाया है।

बता दें मुख्यमंत्री भूपेश समर्थक अधिकांश मंत्री,विधायक एवं राज्यसभा सांसद देर रात दिल्ली पहुंच चुके है। आज सभी सोनिया गांधी के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। इसके अलावा एक अहम व निर्णायक बैठक भी होने की संभावना है। बताया जा रहा है, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस बैठक की अध्यक्षता कर सकती हैं। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रभारी महासचिव पीएल पुनिया भी इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी और सरकार की पूरी नजर इस बैठक पर टिकी है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पहले से ही दिल्ली में हैं। दरअसल 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनने के साथ ही यह मुद्दा सामने आया था कि पार्टी ने ढाई साल बाद सरगुजा के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया है। 16 जून 2021 को सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद यह मुद्दा फिर खड़ा हो गया। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने दिल्ली में प्रेस से चर्चा में कहा कि पार्टी ने ढाई साल के फॉर्मूले पर कभी बात नहीं की। यह सिर्फ मीडिया का कयास था कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री चुने जाने पर क्या ऐसा कोई फॉर्मूला बनता है। हाईकमान पार्टी में लोगों की भूमिका तय करता है और हम उन जिम्मेदारियों को निभाते हैं।

सिंहदेव ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी टीम में खेलता है तो क्या वह कप्तान बनने के बारे में नहीं सोचता? क्या आप नहीं बनना चाहेंगे? हर कोई उसके बारे में सोचता है, लेकिन सवाल उसकी सोच का नहीं, उसकी क्षमताओं का है। फैसला हाईकमान लेता है। सिंहदेव के इस बयान से सत्ता संघर्ष की तस्वीर कुछ साफ होने लगी है। इधर, रायपुर में भी राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

दिल्ली में नेताओं का जमावड़ा

इस बीच दिल्ली में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू 18 अगस्त से ही दिल्ली में जमे हुए हैं। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत आज शाम को दिल्ली जा रहे हैं। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम भी दिल्ली पहुंच गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत कल 28 अगस्त को दिल्ली पहुंचेंगे। हालांकि, सभी दिल्ली जाने की अलग-अलग वजह बता रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश के दिल्ली से लौटते ही एकाएक पहुंचे थे समर्थक विधायक सीएम हाउस

बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेमे के दर्जन भर विधायक मुख्यमंत्री निवास तब पहुंचे थे जब सीएम दिल्ली दौरे से लौटे थे। विधायक चंद्रदेव राय के जन्मदिन के बहाने रायपुर सर्किट हाउस जुटे विधायक थोड़ी देर की चर्चा के बाद सीएम हाउस गए। इनमें बृहस्पत सिंह, चंद्रदेव राय, यूडी मिंज, विनय जायसवाल ,गुलाब कमरो, गुरुदयाल बंजारे, पुरुषोत्तम कंवर, कुंवर निषाद, चिंतामणि महाराज, भुनेश्वर बघेल, रश्मि सिंह आदि शामिल थे।

ढाई-ढाई साल का फार्मूला निर्णायक मोड़ पर, सीएम भूपेश भी आज जाएंगे दिल्ली

प्रदेश में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फार्मूले पर सियासत तेज हो गई है। ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फार्मूले के लिए शुक्रवार का दिन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम भूपेश बघेल आज फिर दिल्ली जाएंगे। उनके समर्थक विधायक भी दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों की माने तो बीती शाम तक 30 से अधिक विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज सीएम के साथ कई मंत्री और दो दर्जन से ज्यादा विधायक जाने वाले हैं। दूसरी ओर टीएस सिंहदेव दिल्ली में पहले से ही मौजूद हैं।

छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सीएम भूपेश बघेल के समर्थन में 55 विधायक एकजुट हो गए हैं l ये विधायक नहीं चाहते कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन हो । ये विधायक हाईकमान से मिलकर अपनी बात रखेंगे l इन विधायकों में अजा, जजा व पिछड़े वर्ग के विधायक ज्यादा हैं l भूपेश के समर्थन की मंत्री डा शिवकुमार डहरिया, अमरजीत भगत, कवासी लकमा, उमेश पटेल और अनिला भेडिया खुलकर सामने आ गए हैं l

भूपेश बघेल से जुड़े विधायकों का मानना है कि चुनाव में दो साल बाकी रह गए हैं ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन जोखिम भरा हो सकता है l विधायक तो यह भी चाहते हैं कि हाईकमान को पर्यवेक्षक भेजकर वस्तु स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए l

इधर अधिकांश भूपेश बघेल समर्थक विधायकों का कहना है कि हमें दिल्ली आने के संगठन की ओर से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। चूँकि महाराजा साहब की ओर से निरंतर राज्य में मुख्य मंत्री परिवर्तन की बात ज़ोर शोर से प्रचारित की जा रही है। हम लोग सभी राज्य में कांग्रेस के भविष्य एवं स्वयं के राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। हाई कमान को अपनी भावनाओं से अवगत कराना चाहते हैं। महाराजा साहब के नेतृत्व में आगामी चुनाव जीतना असम्भव है। हम पार्टी और स्वयं के राजनीतिक हितों की हत्या नहीं होने देंगे।

दिल्ली पहुंचे दर्जनों विधायक, मंत्री आज राहुल गांधी से होगी मुलाकात

आज राहुल गांधी से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक हफ्ते के भीतर लगातार दूसरी बार मुलाकात करेंगे। सूत्रों का कहना है कि आलाकमान ने भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ के इंचार्ज पीएल पुनिया को आगामी संभावना से अवगत करा दिया है । लेकिन जिस तरह से दिल्ली में तकरीबन 26 विधायक और कुछ मंत्री व सांसद पहुंचे है उसके जरिए बघेल हाई कमान के सामने शक्ति प्रदर्शन करना चाहते हैं। गौर करने वाली बात है कि सीएम की कुर्सी के लिए भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के बीच टकराव चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री का फॉर्मूला अभी भी उपलब्ध है। इस पूरे विवाद को हाई कमान दोस्ताना माहौल में हल करना चाहता है। लेकिन जिस तरह से पार्टी के विधायक बघेल के समर्थन में पहुंचे हैं वह कांग्रेस नेतृत्व को बघेल की ताकत दिखाना चाहते हैं, साथ ही यह संदेश देना चाहते हैं कि पार्टी के अघिकतर विधायक बघेल के समर्थन में हैं। भूपेश बघेल और टीएस सिंह देव ने बीते सप्ताह मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात की थी। लेकिन ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के फॉर्मूले का हल नहीं निकल सका था। जिस तरह से 26 विधायक, मंत्री और सांसद दिल्ली पहुंचे हैं उसपर पीएल पुनिया ने कहा कि किसी को भी दिल्ली नहीं बुलाया गया था।

छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री शिव दहरिया, अमरजीत भगत, अनिल भेदिया, सांसद छाया वर्मा और दो दर्जन से अधिक विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। सूत्रों ने इस बात की भी पुष्टि की है कि इन विधायकों को रायपुर एयरपोर्ट से चार्टर विमान से दिल्ली लाया गया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चीफ मोहन मरकाम ने एक बयान में कहा कि पार्टी एकजुट है और पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली पहुंचने के बाद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के लोगों की सेवा कर रहे हैं। हम हाई कमान से यहां के हालात के बारे में बात करेंगे। देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ के विधायकों ने पीएल पुनिया के आवास पर उनके साथ बैठक की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *