कोरबा जिले में एसपी कार्यालय के सामने स्थित होटल टॉप इन टाउन में एक महिला डॉक्टर के साथ अनाचार का प्रयास किया गया। घटना के समय डॉक्टर होटल के कमरे में अकेली थीं और वहीं ठहरकर ट्रेनिंग ले रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, शक्ति जिले से आई महिला डॉक्टर होटल के कमरा नंबर 122 में ठहरी हुई थीं।
देर रात होटल का एक सफाईकर्मी राजा खड़िया (उम्र लगभग 35 वर्ष) खिड़की के रास्ते कमरे में घुस आया और महिला डॉक्टर के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर डराने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर ने साहस दिखाते हुए लगातार विरोध किया और जोर-जोर से चीखने लगीं। शोर सुनकर घबराए आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सफाईकर्मी राजा खड़िया को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि शक्ति जिले से चार डॉक्टर ट्रेनिंग के लिए कोरबा आए थे, जिनमें से दो वापस लौट चुके हैं और दो होटल टॉप इन टाउन में अलग-अलग कमरों में ठहरे हुए हैं। इन्हीं में से एक महिला डॉक्टर के साथ यह गंभीर घटना घटित हुई।
पुलिस ने होटल प्रबंधन से भी पूछताछ शुरू कर दी है और सुरक्षा में हुई चूक की जांच की जा रही है