बेलतरा में ₹1.90 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

विधायक सुशांत शुक्ला ने जनभागीदारी और पौधरोपण का दिया संदेश

बिलासपुर, 12 जुलाई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलतरा और सेंदरी में लगभग ₹1 करोड़ 90 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने की, जबकि जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत बेलतरा में करीब ₹99.50 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, व्यावसायिक परिसर, लाइब्रेरी, उचित मूल्य गोदाम, नाली, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम, आयुर्वेद योगा शेड और सांस्कृतिक मंच सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। वहीं ग्राम पंचायत सेंदरी में करीब ₹91.02 लाख की लागत से आरसीसी नाली, सीसी सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण हुआ।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, शिक्षा और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों की नियमित देखभाल करने तथा वर्षा ऋतु में प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

ग्राम पंचायत सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव और बेलतरा के सरपंच सुरेश कश्यप ने क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक सुशांत शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *