लोहारीडीह कांड में सीएम की बड़ी कार्रवाई : हटाए गए कलेक्टर-एसपी, मजिस्ट्रियल जांच के दिए निर्देश 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कवर्धा जिले में ग्राम लोहारीडीह में 15 सितंबर को शिवप्रसाद साहू की मौत के बाद घटित आगजनी में रघुनाथ साहू की मौत की घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। इस मामले में  पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों से मारपीट की, जिसके चलते रेंगाखार थाने के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित वहां पदस्थ 23 पुलिसकर्मियों को भी हटा दिया गया है। 

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कबीरधाम जिले के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया गया है। कबीरधाम के कलेक्टर जन्मेजय महोबे की जगह पर अब गोपाल वर्मा को कबीरधाम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव को हटाकर उनकी जगह पर राजेश कुमार अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है। जबकि, कबीरधाम जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ आईपीएस विकास कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। 

अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी नियुक्त किए गए जांच अधिकारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश के परिपालन में कलेक्टर और जिला दण्डाधिकारी कबीरधाम ने अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी निर्भय कुमार साहू को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें 30 दिनों के भीतर निर्धारित बिन्दुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, भविष्य में इस तरह की घटना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *