रानीदहरा जलप्रपात में तेज बहाव में बाइक सवार बहे, एक की मौत, एक लापता

कवर्धा : रविवार दोपहर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रानीदहरा जलप्रपात में अचानक आई तेज बारिश ने बड़ा हादसा ला दिया। दोपहर बाद झरने के आसपास भारी बारिश के कारण पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिसकी चपेट में आकर दो लोग बाइक सहित बह गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया।

मृतक की पहचान नरेंद्र पाल, पिता औतार सिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी मुंगेली के रूप में हुई है। उनका शव जलप्रपात से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं, दूसरे व्यक्ति को ग्रामीणों ने पानी से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

इसी दौरान, पर्यटन के लिए मुंगेली से आई करीब 30 लोगों की टीम के एक युवक के लापता होने की भी खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह युवक झरने के ऊपरी हिस्से की ओर गया था और उसके बाद से दिखाई नहीं दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बोड़ला थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में जुट गई है। हालांकि शाम ढलने के कारण रेस्क्यू अभियान में बाधा आ रही है। प्रशासन ने बताया कि लापता युवक की खोज के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह पुनः शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *