सीजी: सिविल सर्जन को हटाने से भड़के डॉक्टर, OPD में लगा दिया ताला, जानें किस बात पर है विवाद

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सिविल सर्जन को हटाने को लेकर डॉक्टरों में भारी आक्रोश है। नाराज डॉक्टरों ने ओपीडी सहित सभी स्वास्थ्य सेवाओं को ठप कर दिया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में ताला जड़ दिया है। सरकारी डॉक्टरों ने कलेक्टर और एसपी पर दादागिरी का आरोप लगाया है।

सीएमएचओ दफ्तर के सामने प्रदर्शन

काम बंद कर डॉक्टर सहित पूरा जिला अस्पताल का स्टाफ सीएमएचओ दफ्तर के सामने जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्य स्टाफ के अस्पताल से बाहर निकलने के कारण मरीजों को की परेशानी बढ़ गई है। इमरजेंसी को छोड़कर सभी सेवाएं ठप है। ओपीडी बंद होने से पंजीयन भी नहीं हो रहा है। नाराज डॉक्टर सीएम भूपेश बघेल व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मिलने की बात भी कह रहे हैं।

जानें क्‍या है मामला

दरअसल, जिले में एक नवविवाहिता की 5 दिन पुरानी लाश के पोस्टमार्टम को लेकर कलेक्टर और एसपी ने डाक्टरों पर दबाव बनाया। पोस्टमार्टम नहीं करने पर सिविल सर्जन डॉ यूएल कौशिक को कलेक्टर ने हटा दिया ।

आरएमओ डॉ. राकेश सोनी ने बताया कि नवविवाहिता की सड़ी गली लाश केरेगांव थाना क्षेत्र से पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। लाश का पोस्टमार्टम यहां संभव नहीं था। इधर कलेक्टर पीएस एल्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम को लेकर कोई बात ही नहीं है। अस्पताल से संबंधित कार्यों को नहीं कराने व देरी पर उन्हें हटाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *