छत्तीसगढ़: 2 करोड़ में SP की पोस्टिंग, अगले दिन से जुआ-सट्टा शुरू : डॉ. रमन

जगदलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बीजेपी संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सरकार के साथ नौकरशाहों पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेमेंट सीट पर कलेक्टर और एसपी आ रहे हैं। कलेक्टर से लेकर पंचायत सचिव तक भ्रष्टाचार में शामिल हैं। ऐसे लोगों की अभी से लिस्ट बनाना शुरू कर दें। ढाई साल बाद हमारी सरकार आएगी, तब इन सभी की क्लास लगेगी।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि थाने-कचहरी में भूपेश सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। अभी फुर्सत है लिस्ट बनाइए, जो गड़बड़ करेगा उसकी काली सूची बनेगी। आतंक फैलाने वाले एसपी-कलेक्टर को भी बता देता हूं कि अब ज़्यादा दिन नहीं है। अब भी सही तरीक़े से काम करो नहीं तो ये ज़्यादा दिन नहीं चलेगा।
सोनिया के एटीएम हैं भूपेश बघेल : पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी का कोई एटीएम है तो वह भूपेश बघेल है. 15 सालों तक ट्रांसफर पोस्टिंग में एक रुपया भी नहीं लिया गया। लेकिन अब राज्य में पैसा लेकर पोस्टिंग हो रही है। एसपी दो करोड़ रुपए देकर पोस्टिंग ले रहा है। अगले दिन से ही जुआ और सत्ता शुरू करा रहा है। ढाई साल में राज्य बदतर हो गया। ऊपर सीएम, मंत्री लूट रहे हैं, नीचे छुटपुट लोग लूट रहे हैं।

भाजपा करेगी बड़ा आंदोलन

चिंतन बैठक में दो तरह के आंदोलन की रणनीति पर बात हुई। डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु साय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारवार्ता में बताया कि शॉर्ट टर्म रणनीति आने वाले कुछ महीनों के लिए हैं, जिसमें सूखे की स्थिति को लेकर किसानों को मुआवजे की मांग की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस ने घोषणा पत्र में जो बड़े वादे किए हैं, उन मुद्दों को लेकर लगातार बड़े आंदोलन किए जाएंगे। इनमें धान के दो साल की बोनस की राशि, शराबबंदी, युवाओं के लिए रोजगार और बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

अगला चुनाव एकजुटता के साथ लड़ने का लिया संकल्प

भाजपा की दो दिन की चिंतन बैठक से यह संदेश निकला कि 2018 के विधानसभा चुनाव में हार के लिए कोई एक व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है। सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़े थे, इसलिए हार के लिए भी सभी समान रूप से जिम्मेदार हैं। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने यह स्पष्ट कर दिया कि पुरानी बातों को भूल जाएं और किसी एक पक्ष को जिम्मेदार ठहराने के बजाय सब मिलकर 2023 में होने वाले चुनाव के लिए जुट जाएं। संतोष ने यह नसीहत भी दे दी कि अलग-अलग खेमों में बंटकर लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकते। सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को एक्टिव करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *