छत्तीसगढ़: किसान ने फांसी लगाकर की खुदकुशी,खेत में लगे पेड़ से लटकता मिला शव, सुबह निकला था घर से

सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं, पुलिस बोली- अवसादग्रस्त था

बालोद। जिले में सोमवार को एक किसान ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर से कुछ दूर खेत में पेड़ से लटकता हुआ मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल किसान के खुदकुशी करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, गुदुम गांव निवासी हेमलाल कोसमा (50) किसानी और मजदूरी करता था। हेमलाल सुबह करीब 5 बजे बिना बताए घर से निकल गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। दोपहर में लोगों ने घर के पास ही खेत में लगे बेर के पेड़ से शव लटका देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। हेमलाल के परिवार में उसकी पत्नी और 2 बच्चे हैं।

कई महीनों से डिप्रेशन में था हेमलाल

थाना प्रभारी अनिल ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों व आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि हेमलाल पिछले कई महीनों से डिप्रेशन में चल रहा था। हालांकि कारण नहीं पता चल सका है। दूसरी तरफ इस बार खेती किसानी में भी कुछ खास कमाई होने की उम्मीद नहीं के बराबर है। दरअसल अल्पवर्षा होने के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल का भी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *