छत्तीसगढ़: मॉल में भूत का डर दिखाकर 10वीं की छात्रा से रेप, स्कैरी हाउस सील

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई के सूर्या मॉल में बने स्कैरी हाउस (भूत बंगले) में दसवीं की छात्रा से रेप का मामला सामने आया था। 15 साल की इस लड़की को उसका 17 साल का फेसबुक फ्रेंड यहां घुमाने लाया था। उसने भूत का डर दिखाकर उसके साथ रेप किया। घटना के बाद स्कैरी हाउस बंद करा दिया है। घटना में वहां के स्टाफ की भूमिका की जांच की जा रही है।

फेसबुक पर हुई थी दोस्ती

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी लड़की की करीब एक सप्ताह पहले जांजगीर चांपा निवासी 17 साल के लड़के से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। चेटिंग के बाद दोनों मोबाइल पर बातें करने लगे। लड़के ने छात्रा से घूमने चलने के लिए कहा। लड़की मान गई तो उसने उसे जुनवानी स्थित सूर्या मॉल बुलाया।

भूत का डर दिखाकर किया रेप

मॉल में दोनों घूमते हुए तीसरी मंजिल पर बने स्कैरी हाउस तक पहुंच गए। वहां लड़का उसे स्कैरी हाउस दिखाने के लिए अंदर ले गया। जिस समय दोनों अंदर गए, वहां कोई नहीं था। लाइट बंद होते ही आरोपी ने उसे भूत का डर दिखाया और छोड़कर जाने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद भाग निकला। उसके जाने के बाद किसी तरह छात्रा वहां से बाहर निकली और परिजन को जानकारी दी।

तीसरी मंजिल पर है भूत बंगला

बता दें कि सूर्या मॉल की तीसरी मंजिल पर है भूत बंगला बना हुआ है। कोरोना संक्रमण के चलते सभी मॉल बंद थे। सरकार के आदेश के बाद पिछले महीने ही मॉल खुले हैं। लोगों में डर अभी भी है, इसके चलते मॉल में भी ज्यादा भीड़ नहीं रहती। ज्यादातर जगहों पर सन्नाटा ही रहता है।

इसी का फायदा उठाकर आरोपी उसे स्कैरी हाउस में ले गया था। दोनों के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने पॉक्सो में मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *