अशोभनीय टिप्पणियों के चलते ब्राह्मण समाज कर रहे थे प्रदर्शन, पुतला दहन,एफआईआर की मांग
रायपुर। ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ मामला दर्ज किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि विगत दिनों उनके पिता नंदकुमार बघेल द्वारा एक वर्ग विशेष के विरूद्ध की गई टिप्पणी उनके संज्ञान में आई है। उनकी इस टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस लगी है, उनके इस बयान से मुझे भी दुःख हुआ है। भूपेश बघेल ने कहा कि मुझे सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से यह ज्ञात हुआ है कि ये बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिये कार्रवाई नहीं होगी क्योंकि वे सीएम के पिता हैं।
हमारे लिए कानून सर्वोपरी
बघेल ने यह स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है। उनके पिता से उनके वैचारिक मतभेद शुरू से हैं, यह बात सभी लोगों को पता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारे राजनीतिक विचार एवं मान्यताएं भी बिल्कुल अलग- अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन एक सीएम के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता, जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो। भूपेश बघेल ने कहा कि इस बारे में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करेगी। हमारे लिए कानून सर्वोपरी है।