मुख्य समारोह में सीएम भूपेश बघेल ने किया ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की ली सलामी, 43 पुलिस अफसर सम्मानित

रायपुर। देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बरसते पानी में पुलिस परेड ग्राउंड ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवानों की परेड की सलामी ली। इन टुकड़ियों ने करीब दो साल बाद मार्च पास्ट किया। 2020 और 2021 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरोना संकट की वजह से पुलिस बल केवल ध्वज को सलामी दे रहे थे। मार्च पास्ट नहीं हो रहा था।

रायपुर में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल अपनी जैकेट में लाल गुलाब लगाकर आए। इस दौरान डीजीपी ने उनका स्वागत किया। सीएम के चौथी बार ध्वजारोहण करते ही पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के दस्तों ने राष्ट्रीय ध्वज को सशस्त्र सलामी दी। बाद में मुख्यमंत्री ने खुली जीप पर चढ़कर परेड का निरीक्षण किया। पुलिस बल मार्च पास्ट करते हुए सलामी मंच से गुजरे।

मार्च पास्ट में छत्तीसगढ़ पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष और महिला प्लाटून, नगर सेना, भारत-तिब्बत सेना और एनसीसी की बालक-बालिका प्लाटून के साथ पुलिस बैंड शामिल हुई। कार्यक्रम के दौरान 43 पुलिस अधिकारियों को सम्मानित करने के साथ 3 सर्वश्रेष्ठ गौठानों को पुरस्कार प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *