मिजोरम में मुख्यमंत्री जोरामथांगा की बेटी द्वारा बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है। जोरामथांगा की बेटी मिलारी छांगते ने केबिन में घुसकर एक डॉक्टर को चांटा मार दिया। बेटी के इस बर्ताव पर मुख्यमंत्री ने खुद माफी मांगी है। मुख्यमंत्री की बेटी के थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर बेटी को गलत बताया
मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कहा कि वह अपनी बेटी के इस बर्ताव को किसी भी तरह सही नहीं ठहरा सकते। बेटी ने डॉक्टर के पास जाकर उनसे माफी मांगी है। घटना 17 अगस्त की है। एक वीडियो में रोकने के बावजूद जोरामथांगा की बेटी डॉक्टर को थप्पड़ मारते दिखी थी।
डॉक्टरों ने जताया विरोध
मिलारी की घटना से डॉक्टरों में नाराजगी है। 800 से ज्यादा डॉक्टरों ने 20 अगस्त को हमले की निंदा करते हुए विरोध जताया। प्रोटेस्टर्स में एक डॉक्टर ने कहा कि छांगते ने आइजॉल स्थित स्किन स्पेशलिस्ट पर हमला किया था। डॉक्टर ने छांगते से कहा कि उन्हें क्लीनिक में अपॉइंटमेंट लेकर आना चाहिए, जिस पर वह भड़क गईं और उन्होंने हमला किया। आईएमए की मिजोरम यूनिट ने कहा कि हम चाहते हैं डॉक्टरों के साथ इस तरह का बिहेव दोबारा न हो।
इससे पहले मुख्यमंत्री के बेटे ने भी बहन के व्यवहार पर सोशल मीडिया पर माफी मांगी थी और कहा था कि मानसिक तनाव की वजह से उनकी बहन ने आपा खोया।