मृतक का 2 दिन पहले ही चोरी हुआ था मोबाइल
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा हाल ही में एल्डरमैन बनाए गए मदन मित्तल और उनकी पत्नी अंजूदेवी मित्तल की हत्या कर दी गई है। दोनों की लाशें गुरुवार को सुबह ही घर पर पड़ मिली है। बताया गया कि अज्ञात आरोपी ने दोनों को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा है। दो दिन पहले ही मदन का मोबाइल भी घर से चोरी हुआ था। जिसकी शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई थी। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक लैलूंगा में रहने वाले मदन मित्तल(55) बुधवार रात 10 बजे तक शहर में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुर्गा पूजा का चंदा इंकट्ठा कर रहे थे। घर वालों ने बताया कि मदन रात को करीब 10.30 बजे पहुंचे थे। इसके बाद उनकी बहू ऋचा ने उन्हें खाना खिलाया था। खाने खिलाने के बाद ऋचा रात 11 बजे ऊपर अपने कमरे में चली गई थी। रात को सभी अपने कमरे में सो गए थे।
सुबह जब ऋचा और मदन का बेटा रोहित सोकर उठे और नीचे वाले कमरे में गए तो मदन और उनकी पत्नी की लाश बिस्तर में ही पड़ी हुई थी। जिसके बाद इस बात की सूचना लैलूंगा पुलिस को दी गई है। लैलूंगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। वहीं मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस ने बताया है कि अभी यह पता नहीं चल सका है कि किन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। हम मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि आरोपी घर के पीछे के दरवाजे के ऊपर लगे छोटी खिड़की को तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद वारदात को देर रात को ही अंजाम दिया गया है। लैलूंगा क्षेत्र में मदन मित्तल कांग्रेस के सीनियर नेताओं में से थे। उनकी इस क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काफी अच्छी पकड़ थी। यही वजह है कि कांग्रेस ने उन्हें हाल में ही एल्डरमैन बनाया था। मदन ने 8 सितंबर को ही एल्डरमैन पद की शपथ ली थी। मदन कांग्रेस नेता के अलावा शहर के अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष भी रहे चुके हैं। इसके अलावा वो शहर में ही राइस मिल चलाया करते थे।