रायपुर/रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ में विवादों की वजह से जानें जाने वाले कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह का DEO को धमकी देते हुए ऑडियो सामने आया है।
जिसमें बलरामपुर-रामानुजगंज में एक सहायक खंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) को हटाने के लिए बृहस्पत सिंह जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को फोन पर धमकी देते दिख रहे हैं।
ऑडियो में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विधायक से यह कहा जाना कि संबंधित के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है तो किस आधार पर हटाउंगा, इसी बात पर विधायक भड़क गए। विधायक धमकाते हुए कर रहे हैं कि, अब तू तय करेगा कि यहां किसको रखना है और किसको नहीं। हालांकि घटना पुरानी है लेकिन, उसकी कॉल रिकॉर्डिंग अब सामने आई है।
ऑडियो में बातचीत की पुष्टि करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज के जिला शिक्षा अधिकारी बी. एक्का ने बताया, 19 सितंबर को विधायक जी का फोन आया था। वे एक ABEO को हटाना चाहते थे। मैंने बिना शिकायत हटाने से इंकार किया तो वे सारी बातें हुईं। “कॉल रिकॉर्डिंग कैसे बाहर आई उन्हें नहीं पता, लेकिन यह बातचीत उनके बीच ही है।
विधायक और DEO के बीच चला संवाद-
बृहस्पत सिंह – हां DEO साहब!
DEO – नमस्कार !
बृहस्पत सिंह– ये ABEO वाला भेजा था तो हो गया ऑर्डर?
DEO- नहीं-नहीं, उसकी कोई शिकायत तो नहीं है महोदय!
बृहस्पत सिंह– अरे यार, तू तय करेगा कि शिकायत है कि नहीं। किसको रखना या नहीं रखना।
DEO- नहीं, शिकायत तो कोई नहीं है। शिकायत होती तो कुछ होता।
बृहस्पत सिंह- मुझे आप समझाओ ना। आप तय करोगे क्या?
DEO- नहीं, जब कोई शिकायत नहीं है तो मैं क्यों हटाउंगा।
बृहस्पत सिंह- मुझे मत समझाओ। आप कर पाओगे, भेजोगे या नहीं, नहीं भेजोगे मुझे बताओ।
DEO- मैं नहीं भेज रहा हूं महोदय!
बृहस्पत सिंह- नहीं भेजोगे तो फिर आपको हटाने की बात करते हैं। पहले आपको ही हटा लेते हैं। आपको ही हटा लेते हैं ज्यादा नेतागीरी *** रहा है तो।
DEO- ठीक है महोदय!
बृहस्पत सिंह- अधिकारी का काम करने का है कि नेतागीरी करने वहां गया है।
DEO- कहां नेतागिरी कर रहा हूं मैं।
बृहस्पत सिंह- और क्या कर रहे हो। क्या कर रहे हो ये?
DEO- मैं नेतागीरी कहां कर रहा हूं?
बृहस्पत सिंह- मैं क्या बोल रहा हूं। जब लगातार मेरे पास शिकायत है तो आपके पास शिकायत आएगा।
DEO- तो कोई शिकायत मुझे भी दीजिए ना।
बृहस्पत सिंह- आप उससे कितना महीना लेते हो। वसूली करते हो। कितना महीना कमीशन लेता है उससे?
DEO- कौन बोला है यह कि कमीशन लेता हूं।
बृहस्पत सिंह- मैं पूछ रहा हूं कि कितना महीना कमीशन लेते हो।
DEO- कभी कमीशन नहीं लिया हूं।
बृहस्पत सिंह- फिर क्या लगता है वह, रिश्तेदारी है आपकी उससे?
DEO- नहीं, कोई रिश्तेदारी नहीं है।
बृहस्पत सिंह- फिर, क्यों हटाना नहीं चाहते? मुख्यमंत्री के आदेश को चुनौती करेगा?
DEO- कोई शिकायत तो है नहीं।
बृहस्पत सिंह- सुन यार, मुख्यमंत्री ने आदेश किया है। अब मुख्यमंत्री के आदेश को चैलेंज करेगा।
DEO- कहां आदेश है मुख्यमंत्री का?
बृहस्पत सिंह- आप कलेक्टर से बात करो। मुख्यमंत्री के आदेश को चुनौती दे रहा है ना।
DEO- कौन चुनौती दे रहा है?
बृहस्पत सिंह– (अपने पास बैठे किसी से) DEO का नोटशीट बनाओ। ये मुख्यमंत्री को चैलेंज कर रहा है DEO। जिला शिक्षा अधिकारी की इतनी औकात हो गई।