छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कांफेडरेशन का प्रदेश स्तरीय चुनाव रविवार को रायपुर स्थित वृंदावन हॉल में सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस चुनाव में धनेश सोलंकी को प्रदेश महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी एवं पूर्व निवृत्तमान महासचिव अजीत प्रसाद को 31 मतों से हराया।
अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन प्राप्त हुए थे — बिलासपुर के चंद्र प्रकाश देवरस और दामोदर मुदाफरे के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें चंद्र प्रकाश देवरस ने जीत हासिल की और उन्हें प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

कोषाध्यक्ष पद के लिए भी दो उम्मीदवारों — देवेंद्र शर्मा और सुभाष वर्मा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें देवेंद्र शर्मा को विजयी घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत नामांकन के बाद मतदान से हुई, जिसमें सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित महासचिव धनेश सोलंकी ने सभी मतदाताओं और कांफेडरेशन के सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि वे वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।