मुम्बई: शुक्रवार को मुंबई के बोरीवली वेस्ट के साईंबाबा नगर में एक चार मंजिला इमारत भर-भराकर ढह गई। इस खबर के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. आशंका जताई जा रही है कि मलबे में करीब 14 से 15 लोग फंसे हो सकते हैं, हालाँकि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस पहुंच चुकी है, फ़िलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इसके बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है.
मीडिया रिपोर्ट्स से मिल रही जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब लोग इस बिल्डिंग के आसपास से गुजर रहे थे। तभी यह भरभरा कर गिर गई। बिल्डिंग का नाम गीतांजलि है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां, दो बचाव वैन और तीन एंबुलेंस मौजूद हैं। टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत 40 साल पुरानी है। BMC ने इसे जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद बिल्डिंग को खाली भी करा दिया गया था। इससे पहले 15 अगस्त को मुंबई के मुलुंड इलाके में एक मकान की छत का हिस्सा गिर गया था। इससे मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई थी। यह इमारत करीब 20-25 साल पुरानी थी और BMC ने इसे लेकर एक नोटिस जारी किया था।