सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि और पशुहानि की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली जिले में बेसहारा एवं सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के बेहतर प्रबंधन, सेवा और संरक्षण के उद्देश्य से “गौ सेवा संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई है। यह अभियान कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
जिला कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आयोजित कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अभियान को अपने जीवन का ऐतिहासिक और सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए कहा कि गौ सेवा समाज, संस्कृति और आत्मा से जुड़ा कार्य है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने इस अभियान की ऐतिहासिक शुरुआत के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और इसे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए एक मॉडल बनाने की बात कही। उन्होंने गाय पालन का संकल्प लेने का आग्रह भी किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने गौ सेवा को पुण्य का कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने की अपील की। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इसे “जन-जन का अभियान” बताते हुए छोटे-छोटे प्रयासों से इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गौ सेवा न केवल पवित्र कार्य है बल्कि मानसिक शांति भी देती है, वहीं जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में गौ सेवा समितियों का गठन किया जा रहा है, जो घुमंतू पशुओं के प्रबंधन का कार्य करेंगी। साथ ही सभी पशुओं की ईयर टैगिंग और रेडियम बेल्ट लगाने की योजना पर भी काम हो रहा है।
अभियान के अंतर्गत पशु हेल्पलाइन, काऊ कैचर, गौ आधारित आजीविका, पशुपालन से रोजगार, तथा बिना चरवाहे मवेशियों को खुले में छोड़ने पर प्रतिबंध जैसे कई व्यापक उपाय किए जा रहे हैं।
अब तक 700 से अधिक ‘गौ मित्र’ बनाए जा चुके हैं, जबकि 1 लाख गौ मित्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने गौ सेवा का संकल्प लेते हुए मवेशियों को खुले में न छोड़ने, सड़क पर दिखने पर हटाने और अन्य लोगों को प्रेरित करने का वचन लिया।
इस अवसर पर जिले को SUDA अंतर्गत 64 सीसीटीवी कैमरे प्रदान करने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।