धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बाईपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं दिवंगत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदलपुर स्थित 201 कोबरा बटालियन से जवानों को लेकर आ रही एक डिजायर कार खपरी बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे जवानों को गैस कटर की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
इस दर्दनाक हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।